कोटद्वार से देहरादून शादी में शामिल होने आये दम्पति के आभूषण चोरी।
हयात होटल के कमरे से आभूषण चोरी, शादी में शामिल होने आया था परिवार
जाखन चौकी में तहरीर, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देहरादून। राजपुर रोड स्थित हयात सेंट्रिक होटल में ठहरे एक परिवार के कमरे से महिला के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा चौकी जाखन (थाना राजपुर) में तहरीर देने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के मुताबिक, आशीष कुकरेती निवासी देवी रोड पदमपुर कोटद्वार, 3 दिसंबर 2025 को अपनी पत्नी और बेटे के साथ रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने देहरादून आए थे और हयात सेंट्रिक में ठहरे थे।
4 दिसंबर की सुबह उनकी पत्नी अनामिका ज्वेलरी पहनकर हल्दी कार्यक्रम में शामिल हुईं और दोपहर करीब 3 बजे होटल के कमरे नंबर 304 में लौटीं। कमरे में पहुंचकर उन्होंने नथ, कंगन, मांगटीका सहित सभी सोने के आभूषण एक पाउच में रखकर बिस्तर पर रख दिए। इसी बीच लगभग 3:45 बजे होटल का हाउसकीपिंग कर्मचारी सफाई के लिए पहुंचा।
आरोप है कि सफाई के दौरान आशीष कुर्सी पर बैठे-बैठे सो गए और हाउसकीपिंग स्टाफ शाम लगभग 4:30 बजे कमरे से निकल गया। रात करीब 8:30 बजे दंपत्ति विवाह समारोह में चले गए। देर रात लौटकर जब आभूषणों की जांच की गई तो ज्वेलरी पाउच गायब मिला।
सूचना होटल प्रबंधन को दी गई और बाद में पीड़ित ने पुलिस को लिखित तहरीर दी। चोरी गई ज्वेलरी की विस्तृत सूची अलग से देने की बात कही गई है।
होटल प्रबंधन का पक्ष
होटल के महाप्रबंधक अजीत सिंह गांधी ने बताया कि प्रत्येक कमरे में लॉकर की सुविधा दी जाती है, लेकिन इस विकल्प का उपयोग नहीं किया गया। हाउसकीपिंग स्टाफ की उपस्थिति के दौरान विवाह से जुड़े अन्य 15–20 मेहमान भी कमरे में आए थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में होटल ने पूरा सहयोग किया। संबंधित स्टाफ के घर तक जांच हुई, सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध तथ्य नहीं मिला है। होटल प्रबंधन ने आगे भी पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
