पीलीभीत में रोटरी क्लब आयोजित करेगा पांच दिवसीय शरद मेला, समाजसेवा को समर्पित होगी आय
पीलीभीत। रोटरी क्लब ऑफ पीलीभीत की ओर से 12 से 16 दिसंबर तक रामा कॉलेज ग्राउंड में पांच दिवसीय शरद मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में करीब 70 स्टॉल लगाए जाएंगे, साथ ही बच्चों और खाद्य प्रेमियों के लिए अलग-अलग किड्स जोन और फूड जोन की व्यवस्था होगी।
शहर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मेला चेयरमैन देवेश बंसल और मीडिया प्रभारी डा. एस.पी.एस. संधू ने बताया कि इस बार मेले का स्वरूप पहले से अलग और भव्य होगा। मेले से प्राप्त आय का उपयोग समाजसेवा के कार्यों में किया जाएगा, जिसके तहत असम चौराहे पर क्लॉक टॉवर निर्माण की योजना भी शामिल है।मेला 12 दिसंबर को शुभारंभ होगा। 13 दिसंबर को जादूगर जुगनू दर्शकों का मनोरंजन करेंगे, जबकि 14 दिसंबर को हास्य कलाकार अहसान कुरैशी और के.के. गोस्वामी कॉमेडी नाइट में मंच संभालेंगे। इसके बाद 15 दिसंबर को भांगड़ा नाइट आयोजित होगी और समापन समारोह 16 दिसंबर को होगा।सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी। मेले में लकी ड्रा भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें पहला पुरस्कार मोटरसाइकिल रहेगा। अन्य इनामों में इलेक्ट्रिक बाइक, दो रेफ्रिजरेटर, तीन एलईडी टीवी और चार मिक्सर ग्राइंडर शामिल हैं।नोएडा से मोबाइल टॉयलेट की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सिटी सिंगर क्लब के कलाकार एक घंटे की सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर रोटरी क्लब अध्यक्ष डा. अनिल सक्सेना ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कपीश अग्रवाल, अवधेश गुप्ता, राजीव मेहरोत्रा, माणिक मित्तल और देवेंद्र सिंह छावड़ा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
