Health

87वीं बार रक्तदान कर कांस्टेबल शाहनवाज ने पेश की मानवता की मिसाल, गंभीर बीमार वृद्धा की बचाई मदद

देहरादून। दून पुलिस के एक जवान ने मानवता और सेवा भावना का परिचय देते हुए गंभीर रूप से बीमार वृद्ध महिला की मदद के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया। पुलिस कार्यालय देहरादून में तैनात कांस्टेबल शाहनवाज ने हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में उपचाराधीन वृद्ध महिला को रक्तदान कर उनके उपचार में सहयोग किया।
जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि हिमालयन अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की प्लेटलेट्स घटकर मात्र 4 हजार रह गई हैं और उपचार के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही कांस्टेबल शाहनवाज ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से जरूरतमंद महिला को उपचार के दौरान सहायता मिली।
गौरतलब है कि कांस्टेबल शाहनवाज इससे पहले भी 86 बार रक्तदान कर चुके हैं। इस बार 87वीं बार रक्तदान कर उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सेवा भावना का परिचय दिया।
वृद्ध महिला के परिजनों ने संकट की घड़ी में त्वरित सहायता के लिए दून पुलिस और कांस्टेबल शाहनवाज का आभार व्यक्त किया।
मानवता की सेवा का यह उदाहरण बताता है कि वर्दी में भी एक संवेदनशील हृदय धड़कता है।