हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तेंदुए के शावक की मौत
पीलीभीत। नेशनल हाईवे-730 पर बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तेंदुए के शावक की मौत हो गई। हादसा थाना गजरौला क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुए का शावक जंगल से भटककर सड़क पार कर रहा था, तभी पीलीभीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शावक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने शावक का शव सड़क पर दिखाई देने पर तुरंत पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी प्रभाग के डीएफओ भरत कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और शावक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। डीएफओ ने कहा कि हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है।वहीं, पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में स्थित ढाबों, पेट्रोल पंपों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। स्थानीय निवासियों और वन्यजीव प्रेमियों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि हाईवे पर चेतावनी संकेत लगे होने के बावजूद वाहन चालक गति सीमा का पालन नहीं करते, जिससे इस तरह के हादसे बढ़ रहे हैं।
