साइकिल वेलोड्रम की वर्षगांठ पर धूमधाम से निकली साइकिल रैली
रुद्रपुर। साइकिल वेलोड्रम के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा ने प्रतिभाग किया। रैली में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवा साइकिल प्रेमियों और खेल अधिकारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रभारी उपनिदेशक राशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ाधिकारी उधमसिंह नगर जानकी कारकी, जिला क्रीड़ाधिकारी नैनीताल निर्मला पंत, भारतीय साइक्लिंग फेडरेशन के सचिव मनिंदरपाल, उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, सचिव दिवेश पांडे, ओलंपिक एसोसिएशन उत्तराखंड के महासचिव डी. के. सिंह, कुमाऊँ विश्वविद्यालय के पूर्व खेल अधिकारी नागेन्द्र शर्मा तथा युवा कल्याण अधिकारी भूपेन्द्र सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।प्रमुख सचिव अमित सिन्हा ने स्वयं साइकिल रैली में हिस्सा लेते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रैली के समापन पर उपस्थित खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिलिंग जैसे खेल युवाओं में ऊर्जा व अनुशासन का संचार करते हैं। उन्होंने खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने एक वर्ष में वेलोड्रम पर आयोजित गतिविधियों और उपलब्धियों की झलक भी प्रस्तुत की। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
