देहरादून

राष्ट्रीय उपभोक्ता अधिकार दिवस पर BIS का जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। राष्ट्रीय उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर 24 दिसंबर 2025 को जिला पंचायत सभागार, होटल गौरव, तहसील चौक, देहरादून में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून एवं ऑल इंडिया कंज़्यूमर एंड इन्वेस्टर वेलफेयर ट्रस्ट, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “सशक्त उपभोक्ता – सतत एवं निष्पक्ष बाज़ार के लिए” रही।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एस. फारूक, अध्यक्ष, हिमालयन वेलनेस कंपनी ने अपने संबोधन में कहा कि उपभोक्ताओं की जागरूकता ही गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी बाज़ार व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने मानकीकृत उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे उपभोक्ता हितों की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रिगेडियर के.जी. बहल, अध्यक्ष, ऑल इंडिया कंज़्यूमर एंड इन्वेस्टर वेलफेयर ट्रस्ट, देहरादून ने की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ गुणवत्ता मानकों की पहचान करना भी आवश्यक है। मानकीकरण से उपभोक्ता सुरक्षा और विश्वास दोनों मजबूत होते हैं।
इस अवसर पर BIS देहरादून के सहायक निदेशक श्री सौरभ चौरसिया ने BIS की कार्यप्रणाली एवं उपभोक्ता संरक्षण में उसकी भूमिका पर तकनीकी प्रस्तुति दी। उन्होंने ISI मार्क के महत्व, मानकीकरण प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध शिकायत निवारण तंत्र की विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री सरिता त्रिपाठी, स्टैंडर्ड प्रमोशन ऑफिसर, BIS देहरादून द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ। उन्होंने BIS की उपभोक्ता-केंद्रित पहलों पर प्रकाश डालते हुए BIS केयर ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डी.सी. बंसल, अधिवक्ता शमीम, डॉ. संजय कुमार अग्रवाल, सुश्री बलबीर नौटियाल, सुश्री राखी अग्रवाल एवं श्री राकेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में संवादात्मक प्रश्न–उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। यह कार्यक्रम श्री सौरभ तिवारी, निदेशक एवं प्रमुख, BIS देहरादून शाखा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Uma Shankar Kukreti