राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उत्तराखण्ड द्वारा विचार गोष्ठी आयोजित
देहरादून।
आज दिनांक 24 दिसम्बर 2025 को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर पिछले 51 वर्षों से उपभोक्ताओं के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उत्तराखण्ड द्वारा रेड फोर्ट इंटरनेशनल स्कूल, नवादा, देहरादून में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत उत्तराखण्ड के प्रांत अध्यक्ष श्री विनोद नौटियाल ने बताया कि वर्ष 1986 में आज ही के दिन भारत सरकार द्वारा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986 लागू किया गया, जिसकी संकल्पना ग्राहक पंचायत के संस्थापक स्व. श्री बिंदु माधव जोशी द्वारा की गई थी। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम को वर्ष 2019 में संशोधित रूप में लागू किया गया।

श्री नौटियाल ने जानकारी दी कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक के वादों में कोई न्यायालय शुल्क नहीं लगता, जबकि अधिकतम न्यायालय शुल्क 7500 रुपये निर्धारित है। इसके अतिरिक्त, इस अधिनियम में अधिवक्ता की अनिवार्यता नहीं है तथा समझौते (मध्यस्थता) का भी प्रावधान किया गया है, जिससे आम उपभोक्ता को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके।
गोष्ठी में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत दायित्वधारियों में संगठन मंत्री डॉ. मनोज रावत, कोषाध्यक्ष श्री कैलाश बहुगुणा, सह सचिव श्री राजीव मंझखोला, प्रोफेसर सुनील सक्सेना, प्रांत विधि आयाम प्रमुख श्री अमित भट्ट (एडवोकेट), देहरादून महानगर अध्यक्ष कमांडेंट श्री अरुण सिंह रौथाण, महानगर उपाध्यक्ष श्री सुधीर नौटियाल, वरिष्ठ पत्रकार श्री शिव पैन्यूली, श्री राकेश ध्यानी सहित अनेक महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।
विचार गोष्ठी में श्री कैलाश बहुगुणा, प्रोफेसर सुनील कुमार सक्सेना, श्री राकेश ध्यानी, श्री शिव पैन्यूली, श्री अरुण रौथाण, डॉ. मनोज रावत एवं श्री अमित भट्ट ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
गोष्ठी के दौरान उत्तराखण्ड शासन के आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशन में खाद्य विश्लेषक श्री रमेश जोशी मोबाइल प्रयोगशाला वैन के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने प्रयोग के माध्यम से आम जनता को बताया कि दूध, घी, हल्दी, सरसों का तेल जैसी खाद्य वस्तुओं में मिलावट की पहचान घर बैठे कैसे की जा सकती है।
इसके साथ ही अपर आयुक्त श्री तजवीर सिंह द्वारा उपलब्ध कराई गई मोबाइल वैन के माध्यम से दिनभर शहर के विभिन्न विद्यालयों, मोहल्लों एवं चौराहों पर माइक द्वारा राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के महत्व और उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री अनुज थपलियाल द्वारा भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
अंत में प्रांत अध्यक्ष श्री विनोद नौटियाल ने आयुक्त एवं उपायुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखण्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से उपभोक्ता जागरूकता का यह अभियान सफल हो सका।
