नयार नदी पर प्रस्तावित स्यूंसी झील सरकार की प्राथमिकता: डीपीआर शासन को प्रेषित
पौड़ी में पर्यटन और पेयजल को नई संजीवनी देगी स्यूंसी झील: सतपाल महाराज
स्यूंसी झील बनेगी पौड़ी विकास की धुरी, जल्द धरातल पर उतरेगी परियोजना
दिनांक: 02 दिसंबर, 2025
पौड़ी। प्रदेश के सिंचाई मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा है कि जनपद पौड़ी गढ़वाल में नयार नदी पर प्रस्तावित स्यूंसी झील परियोजना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेज दी गई है।
उन्होंने बताया कि स्यूंसी झील नयार नदी पर प्रस्तावित सात झीलों में से एक महत्वपूर्ण झील है। इसके निर्माण से आसपास के कई गांवों को पेयजल, सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगी।
श्री महाराज ने कहा कि जनपद पौड़ी में पर्यटन को प्रोत्साहित करना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और स्थानीय लोगों को सिंचाई एवं पेयजल की बेहतर सुविधा देना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की द्वारा डिज़ाइन की गई सात झीलों की योजना के अंतर्गत ल्वाली झील का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि सतपुली झील पर कार्य प्रगति पर है। वहीं, स्यूंसी झील के लिए डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि स्यूंसी झील सहित अन्य झीलों के निर्माण से पौड़ी जनपद को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान मिलेगी। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, स्थानीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही कृषि कार्यों और स्थानीय आबादी के लिए जल उपलब्धता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
