कोटद्वारपौड़ी

सर्वोदय सेवक स्व. मानसिंह रावत एवं सर्वोदय सेविका स्व. शशि प्रभा रावत सम्मान समारोह सम्पन्न

हल्दूखाता/कोटद्वार | 01 जनवरी 2026
मानसिंह–शशि प्रभा सर्वोदय सेवा ट्रस्ट, कण्वाश्रम ग्राम स्वराज समिति हल्दूखाता एवं गढ़वाल सर्वोदय मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 01 जनवरी 2026 को “सर्वोदय सेवक स्व. मानसिंह रावत एवं सर्वोदय सेविका स्व. श्रीमती शशि प्रभा रावत सम्मान समारोह” का गरिमामय आयोजन उनकी जयंती के अवसर पर किया गया।


वर्ष 2026 का सर्वोदय सेवा सम्मान सुप्रसिद्ध सर्वोदय विचारक एवं बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता विजय जड़धारी को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड की प्रसिद्ध लोकगायिका, ऑल इंडिया रेडियो की वरिष्ठ महिला संगीतकार एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. माधुरी बर्थवाल रहीं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. आर.एस. चौहान (विभागाध्यक्ष, बी.एड., राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार), श्रीमती कंचन रावत (प्रधानाध्यापिका, राजेश्वरी करुणा बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय) तथा वरिष्ठ पत्रकार व लेखिका सुश्री कुसुम रावत उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना एवं गांधीजी के प्रिय भजन से हुआ। गढ़वाल सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र लाल आर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सर्वोदय विचारों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताया।
प्रो. आर.एस. चौहान ने अपने संबोधन में सर्वोदय सेवकों के विचारों को मानव समाज के सर्वोच्च विचार बताते हुए स्व. मानसिंह रावत एवं स्व. शशि प्रभा रावत द्वारा आरंभ किए गए अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वरिष्ठ पत्रकार कुसुम रावत ने उनके सर्वोदय कार्यों के संकलन एवं प्रकाशन की आवश्यकता पर बल दिया।
सम्मान ग्रहण करते हुए विजय जड़धारी ने कहा कि यह सम्मान उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है और सर्वोदय विचारों से प्रेरित होकर ही बीज बचाओ आंदोलन देश-विदेश तक पहुंचा।
मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी बर्थवाल ने पहाड़ी लोकसंस्कृति को सर्वोदय विचारों का संवाहक बताते हुए गांधी आंदोलन कालीन लोकगीतों के माध्यम से सर्वोदय दर्शन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय की छात्राओं एवं एम.के.वी.एन. विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं नशामुक्ति गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती विमला रावत ने जनजाति विद्यालय की संयोजिका श्रीमती मंजू रावत के योगदान की सराहना करते हुए कड़ाके की ठंड में भी उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Uma Shankar Kukreti