महाराज ने की सिक्किम के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट, उत्तराखंड आने का दिया न्योता
देहरादून/सिक्किम। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा मानव उत्थान सेवा समिति के संस्थापक सतपाल महाराज ने रविवार को सिक्किम के लोक भवन में ओम प्रकाश माथुर, राज्यपाल—सिक्किम से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल को उत्तराखंड की शीतकालीन यात्रा पर आने का औपचारिक न्योता दिया और राज्य सरकार द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

श्री महाराज ने बताया कि उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन के अंतर्गत आध्यात्म, साहसिक गतिविधियों और प्रकृति-पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उन्होंने ऋषिकेश के शिवपुरी क्षेत्र में गंगा नदी के ऊपर निर्मित ‘होटल द ब्रिज’ का उल्लेख करते हुए बताया कि यह एक परित्यक्त पुल को पुनर्जीवित कर बनाया गया विशिष्ट बुटीक होटल है, जहाँ से नदी और पहाड़ों के मनोहारी दृश्य दिखाई देते हैं। यह स्थान चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को प्रकृति के निकट ठहरने का अनूठा अनुभव प्रदान करता है।
इसके साथ ही श्री महाराज ने राज्यपाल को उत्तराखंड की शीतकालीन यात्रा के प्रमुख आकर्षणों—बर्फ से ढके पहाड़, स्कीइंग, ट्रेकिंग (औली, केदारकंठ), शीतकालीन चारधाम यात्रा तथा वन्यजीव सफारी जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान—की जानकारी दी। उन्होंने दरकोट, बिर्थी फॉल जैसे रमणीय स्थलों और ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से प्रसिद्ध चोपता का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर श्री महाराज के साथ उनके पुत्र एवं भाजपा के युवा नेता सुयश रावत भी उपस्थित रहे।
