उत्तराखंड में देश का पहला ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन–2026’ शुरू
राष्ट्रीय युवा दिवस पर वेबिनार के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया का शुभारंभ
देहरादून | 12 जनवरी 2026
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में सुरक्षित, स्वस्थ एवं टिकाऊ खाद्य प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन–2026’ का शुभारंभ किया गया। इस राज्यव्यापी नवाचार प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत राज्य के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वेबिनार के माध्यम से करते हुए आवेदन (एप्लीकेशन) विंडो खोलने की घोषणा की।
यह हैकाथॉन खाद्य सुरक्षा, पोषण एवं टिकाऊ खाद्य प्रणाली के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान दिलाने वाला कार्यक्रम सिद्ध होगा।
300 से अधिक संस्थानों की सहभागिता
उच्च शिक्षा विभाग एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस वेबिनार में राज्य के 300 से अधिक विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों एवं उच्च तकनीकी संस्थानों के कुलसचिव, निदेशक, प्राचार्य एवं अधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. बी.एन. खली, संयुक्त निदेशक प्रो. ए.एस. उनियाल तथा FDA के उप आयुक्त श्री गणेश कंडवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
छह माह चलेगी प्रतियोगिता, 5 सर्वश्रेष्ठ टीमें होंगी पुरस्कृत
छह माह तक चलने वाली इस राज्यव्यापी युवा नवाचारी प्रतियोगिता में खाद्य प्रणाली (Food System) से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनके तकनीकी, व्यावहारिक, सामाजिक एवं रचनात्मक समाधान प्रस्तुत करने का अवसर युवाओं को मिलेगा।
प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ 5 टीमों को क्रमशः
₹1.5 लाख (प्रथम पुरस्कार)
₹1 लाख (द्वितीय पुरस्कार)
₹75 हजार (तृतीय पुरस्कार)
₹50-50 हजार (दो सांत्वना पुरस्कार)
एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा आज गंभीर चुनौती
कार्यक्रम में बताया गया कि आज खाद्य सुरक्षा जनस्वास्थ्य, आर्थिक विकास और उपभोक्ता विश्वास से सीधे जुड़ा विषय बन चुका है। ICMR के अनुसार असंतुलित भोजन के कारण भारत के लगभग 10% परिवारों में सभी सदस्य मोटापे की श्रेणी में आ रहे हैं, वहीं UN SOFI की रिपोर्ट के अनुसार देश की लगभग 55.6% आबादी पौष्टिक आहार वहन नहीं कर पा रही है।
उत्तराखंड बना देश का पहला राज्य
वेबिनार को संबोधित करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में फिट इंडिया और ईट राइट इंडिया जैसे अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा और पोषण जैसे ज्वलंत विषय पर ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन’ आयोजित करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सुरक्षित भोजन, फूड वेस्टेज, पोषण, टिकाऊ एवं पारंपरिक कृषि जैसे विषयों पर नवाचारी समाधान प्रस्तुत कर इस अभियान को सफल बनाएं।
GAIN इंडिया का सहयोग
वेबिनार में अंतरराष्ट्रीय विकास संगठन GAIN India की कंट्री डायरेक्टर डॉ. भुवनेश्वरी बालसुब्रमण्यम ने संस्था द्वारा भारत एवं उत्तराखंड में संचालित पोषण कार्यक्रमों, विशेषकर फूड फोर्टिफिकेशन पर जानकारी दी।
न्यूट्रिशन कनेक्ट की ग्लोबल प्रोजेक्ट मैनेजर देबजानी सामंतरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित नवाचारी प्रतियोगिताओं का अनुभव साझा किया।
FDA के कार्यक्रमों की जानकारी
FDA उत्तराखंड के उप आयुक्त श्री गणेश कंडवाल ने बताया कि विभाग द्वारा ईट राइट कैंपस, ईट राइट स्कूल, ईट राइट स्टेशन एवं FOSTaC प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
आवेदन एवं संपर्क
हैकाथॉन में भाग लेने से संबंधित आवेदन प्रारूप एवं दिशा-निर्देश गेन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री विजेता सिंघारी एवं सीनियर कंसल्टेंट श्री जे.सी. पांडे द्वारा प्रस्तुत किए गए।
अधिक जानकारी हेतु:
वेबसाइट: https://nutritionconnect.org/eat-right-youth-hackathon
ई-मेल: nutritionconnect2026@gmail.com
वेबिनार का समापन नॉलेज पार्टनर एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज़ के टीम लीडर श्री एस.एन. जोशी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
