नैनीताल

रामनगर में फिर बाघ का हमला, जंगल से अधखाया शव बरामद

नैनीताल/रामनगर
रामनगर वन प्रभाग की बेला बीट क्षेत्र में एक बार फिर बाघ के हमले से दहशत फैल गई है। बाघ ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे जंगल के भीतर घसीट लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा।
सुबह होते ही वन विभाग की टीम ने दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। फायरिंग और बम-पटाखों की आवाज के बीच बाघ के पगचिह्नों का पीछा करते हुए टीम करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल तक पहुंची। इसी दौरान जंगल के भीतर व्यक्ति का अधखाया शव बरामद हुआ। वन विभाग के अनुसार केवल सिर बरामद हुआ है, जबकि शेष शरीर के अंग बाघ द्वारा खा लिए गए।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए सैंपलिंग कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी गई है और आसपास के गांवों के लोगों को जंगल की ओर न जाने की सख्त चेतावनी दी गई है। वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Uma Shankar Kukreti