पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की लड़ाई होगी तेज: धीरेंद्र प्रताप
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। यह बात धीरेंद्र प्रताप, पश्चिमी उत्तर प्रदेश निर्माण मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री ने कही।
धीरेंद्र प्रताप सोमवार को मुजफ्फरनगर के कंडेला क्षेत्र अंतर्गत कनाडा गांव के सकोटी टांडा में आयोजित पश्चिमी उत्तर प्रदेश निर्माण मोर्चा के जिला अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष सतपाल सिंह यादव ने की, जबकि संचालन मोर्चा के महासचिव सुधीर कुमार (करनाल) ने किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने विचार रखे। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य गठन की मांग को लेकर एक दिवसीय रेल रोको आंदोलन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि शीघ्र ही मोर्चा के केंद्रीय नेताओं की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए अलग राज्य का गठन आवश्यक है और इसके लिए संघर्ष को निर्णायक चरण तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बैठक में उपस्थित लोगों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने और शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष में भाग लेने का आह्वान किया।
