गणतंत्र दिवस पर सूचना भवन में फहराया गया तिरंगा, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान निष्ठा की शपथ
देहरादून। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूचना महानिदेशक Banshidhar Tiwari ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।

ध्वजारोहण के उपरांत अपने संबोधन में महानिदेशक ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराया है, जिनका ईमानदारी से पालन करना प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से लोकसेवकों की जिम्मेदारी है।
महानिदेशक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें तथा संविधान की भावना के अनुरूप राज्य और देश की प्रगति में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर सूचना विभाग के अपर निदेशक Ashish Tripathi, उपनिदेशक Ravi Bijarniya, सहायक निदेशक Archana सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
