देहरादून में अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, 40 बीघा क्षेत्र किया ध्वस्त
देहरादून : 27.01.2026
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए)
एमडीडीए का अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोज़र अभियान जारी, 40 बीघा क्षेत्र में हो रही प्लॉटिंग ध्वस्त
देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में अब तक प्राधिकरण क्षेत्र में 10 हजार से अधिक अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है।
इसी क्रम में आज एकता विहार, लेन संख्या-1, रतनपुर, बलूनी स्कूल के पीछे, देहरादून में मासूम अली एवं प्रकाश जोशी द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।

वहीं परवल रोड, चांदनी चौक, शिमला बाईपास रोड, देहरादून में नफासत द्वारा लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी एमडीडीए की टीम ने बुलडोज़र कार्रवाई की।
यह कार्रवाई सहायक अभियंता सासंक सक्सेना, अवर अभियंता ललित नेगी, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
एमडीडीए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति किए जा रहे किसी भी निर्माण या प्लॉटिंग को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि भूमि क्रय-विक्रय से पूर्व संबंधित प्राधिकरण से वैध स्वीकृति अवश्य जांच लें।
उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी का बयान
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। बिना स्वीकृति की गई प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध है और इसके खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया का बयान
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत चिन्हित क्षेत्रों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा भवन उपविधियों और विकास नियंत्रण विनियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

