देहरादून

अराजकता फैलाने वालों को दून पुलिस कप्तान का कड़ा संदेश, नहीं बख्शा जाएगा कोई भी अपराधी

वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तोड़फोड़ व हंगामा करने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून वन क्षेत्राधिकारी आशारोड़ी रेंज कार्यालय में तोड़फोड़, मारपीट और हंगामा करने के मामले में क्लेमेंटाउन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के माध्यम से दून पुलिस कप्तान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 फरवरी 2026 को वन क्षेत्राधिकारी आशारोड़ी रेंज श्री रवींद्र कुमार बेडवाल ने थाना क्लेमेंटाउन में तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि वैभव गौड़ और सावेज शाह नामक दो व्यक्तियों ने रेंज कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और गाली-गलौच की। आरोपियों ने राजकीय कार्य में बाधा डालते हुए कार्यालय परिसर में खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की।
तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन में दोनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 16/2026 के तहत धारा 115(2), 121(1), 132, 221, 324(4), 351(2) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने थानाध्यक्ष क्लेमेंटाउन को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए दिनांक 22 फरवरी 2026 को दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
वैभव गौड़ पुत्र शिव प्रसाद सिंह गौड़, निवासी चोला चंद्रमणि, थाना पटेल नगर, देहरादून, उम्र 28 वर्ष।
सावेज शाह पुत्र अकरम शाह, निवासी माजरा, थाना पटेल नगर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Uma Shankar Kukreti