देहरादून

प्राथमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में मारपीट की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो— किरन रावत

देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री एवं अधिवक्ता किरन रावत ने एक बयान जारी करते हुए प्राथमिक शिक्षा निदेशक के कार्यालय में हुई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सभी ने देखा कि रायपुर विधानसभा के विधायक एवं उनके साथियों द्वारा कार्यालय में मारपीट और गुंडागर्दी की गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का इस प्रकार का आचरण जनता के बीच गलत संदेश देता है। जनप्रतिनिधियों को जनता द्वारा क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए चुना जाता है, लेकिन इसके विपरीत इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध हैं।
किरन रावत ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार के प्रतिनिधि घमंड में इस कदर आ चुके हैं कि उन्हें अपने कृत्य अपराध भी नहीं लग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल इस पूरे प्रकरण में समस्त शिक्षक संगठनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करता है।

Uma Shankar Kukreti