हरिद्वार

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लिख रहा विकास और सुशासन की नई गाथा : धामी

हरिद्वार में बोले मुख्यमंत्री – आगामी कुंभ सनातन का गौरव बढ़ाने वाला कुंभ होगा

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएँ लिख रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार को दोबारा आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री धामी शनिवार को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया गया है। वहीं नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिया गया है।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर लगा प्रभावी अंकुश
मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण लगाया गया है। जिन क्षेत्रों में पहले भय और अशांति का माहौल था, आज वे विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कश्मीर के लाल चौक पर कभी तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, लेकिन आज वहां गर्व के साथ तिरंगा लहरा रहा है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सनातन संस्कृति का गौरव बढ़ा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक और बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण इसके प्रमुख उदाहरण हैं।

आगामी कुंभ सनातन का गौरव बढ़ाएगा

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में होने वाले आगामी कुंभ के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ सनातन संस्कृति के गौरव को और अधिक बढ़ाने वाला कुंभ होगा।
निवेश और विकास के नए आयाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट धरातल पर उतर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में जी-20 सम्मेलन और राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर राज्य को अंक तालिका में सातवां स्थान दिलाया।

चार साल में डेढ़ गुना बढ़ी राज्य की आर्थिकी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड की आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है। राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
उन्होंने बताया कि राज्य बजट का आकार 60 हजार करोड़ से बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं।
इसी अवधि में राज्य में स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1700 से अधिक हो गई है।

कई राष्ट्रीय सूचकांकों में उत्तराखंड अव्वल

मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग द्वारा जारी 2023-24 के सतत विकास सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
इसके अलावा राज्य को नेशनल लॉजिस्टिक्स इंडेक्स, स्टार्टअप इकोसिस्टम, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्टेट एनर्जी एंड ग्रीन इंडेक्स जैसे कई राष्ट्रीय सूचकांकों में सम्मान मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।

घुसपैठ और भू माफियाओं पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री की प्रेरणा से राज्य में ऑपरेशन कालनेमी और सघन सत्यापन अभियान के तहत घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सख्त भू-कानून लागू कर पहाड़ी क्षेत्रों में जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त पर लगाम लगाई गई है

नव नियुक्त आरक्षियों को दिए नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस में नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मंच से अमन सिंह, आकाश, अभय चौहान, अर्जुन नाथ गोस्वामी और योगेश नाथ को नियुक्ति पत्र दिए गए।

162 शरणार्थियों को मिली भारतीय नागरिकता

इस दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इनमें पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित हिंगलाज माता मंदिर से जुड़े परिवार, कराची से आए जसपाल कुमार तथा अफगानिस्तान से आई हंसेरी बाई सहित अन्य लोग शामिल थे।
ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का शुभारंभ
कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का भी शुभारंभ किया। यह व्यवस्था विशेष रूप से एक लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए बनाई गई है।

अब 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर क्राइमपो र्टल पर दर्ज शिकायतें देहरादून स्थित राज्य साइबर पुलिस स्टेशन में ई-जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज होंगी, जिससे पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी और ठगी गई राशि की रिकवरी की संभावना बढ़ेगी।

‘विकल्प रहित संकल्प’ पुस्तक का विमोचन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषणों के संकलन पर आधारित गिरजा शंकर जोशी की पुस्तक ‘विकल्प रहित संकल्प’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, रमेश पोखरियाल और विजय बहुगुणा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Uma Shankar Kukreti