देहरादून

श्रीनगर गढ़वाल में राज्यपाल गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी खराबी के चलते उतारा गया हेलीकॉप्टर

 

श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की रविवार को अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने की सूचना के बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए श्रीनगर गढ़वाल स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल गुरमीत सिंह रविवार को टिहरी महोत्सव में शामिल होने के बाद हेलीकॉप्टर से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के लिए रवाना हुए थे। सोमवार 9 मार्च से गैरसैंण में उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू होना है, जिसमें शामिल होने के लिए वह वहां जा रहे थे।
उड़ान के दौरान जब हेलीकॉप्टर श्रीनगर क्षेत्र की सीमा में पहुंचा, तभी पायलट को हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी का संकेत मिला। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत एहतियाती कदम उठाते हुए हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का निर्णय लिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर को श्रीनगर गढ़वाल के जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतार दिया गया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी समस्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह को सुरक्षा के बीच श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया।
फिलहाल राज्यपाल सुरक्षित हैं और किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है। वहीं राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Uma Shankar Kukreti