देहरादून

देहरादून: बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में सड़ी-गली हालत में महिला का शव मिला

 

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को थाना प्रेमनगर को सूचना प्राप्त हुई कि बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रेमनगर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस को जंगल के अंदर एक महिला का शव सड़ी-गली हालत में मिला, जो प्रथम दृष्टया लगभग 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जहां घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए।
पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने महिला की पहचान और घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

Uma Shankar Kukreti