सड़क के गड्ढे ने बचाई महिला की जान! एंबुलेंस को लगे झटके से ‘ब्रेन-डेड’ घोषित महिला में लौटी सांसें खबर
पीलीभीत। कहते हैं कि जब तक सांस है तब तक आस है। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला पीलीभीत से सामने आया है, जहां सड़क के गड्ढे से लगे एक झटके ने ‘ब्रेन-डेड’ घोषित महिला में फिर से जीवन के संकेत लौटा दिए।
जानकारी के अनुसार पीलीभीत जिले की निवासी विनीता शुक्ला (50) को गंभीर हालत में इलाज के लिए बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें ब्रेन-डेड घोषित कर दिया और परिजनों से कहा कि अब उनके बचने की कोई उम्मीद नहीं है। इसके बाद अस्पताल से उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
24 फरवरी को उनके पति कुलदीप कुमार शुक्ला एंबुलेंस से पत्नी को घर ले जा रहे थे। इसी दौरान NH‑74 (Bareilly–Haridwar Highway) पर सड़क के गड्ढे से गुजरते समय एंबुलेंस को जोरदार झटका लगा। बताया जा रहा है कि इस झटके के बाद महिला के शरीर में हलचल महसूस हुई और धीरे-धीरे सांस चलने के संकेत दिखाई देने लगे।
परिजनों के अनुसार जिस महिला को डॉक्टरों ने मृत समान घोषित कर दिया था, उसमें अचानक जीवन के लक्षण दिखाई देने लगे। इस घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग इसे चमत्कार बता रहे हैं।
