Uttarakhandपौड़ीयमकेश्वर

यमकेश्वर में विकास कार्यों पर उठे सवाल, ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने डीएम को भेजे 5 अहम पत्र

पौड़ी गढ़वाल/यमकेश्वर।
यमकेश्वर विकासखंड में विकास कार्यों की गुणवत्ता, प्रशासनिक लापरवाही और जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को एक के बाद एक पांच महत्वपूर्ण पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
ब्लॉक प्रमुख द्वारा भेजे गए पत्रों में सबसे गंभीर मामला “हर घर जल” योजना से जुड़ा है। बताया गया कि 45 ग्राम सभाओं में हंस फाउंडेशन द्वारा किए गए कार्यों में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हैं, टंकियां अधूरी हैं और ग्रामीणों को नियमित पेयजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है।
इसके अलावा कोडिया-किमसार मोटर मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा मानकों के विपरीत कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में जांच समिति गठित कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
एक अन्य पत्र में गंगा किनारे संचालित शराब की दुकान को अवैध बताते हुए इसे बंद कराने और वित्तीय वर्ष 2026-27 में नवीनीकरण न करने की मांग उठाई गई है। ब्लॉक प्रमुख ने इसे धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध बताया है।
प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए सहायक खंड विकास अधिकारी के लंबे समय से अनुपस्थित रहने का मामला सामने लाया गया है। इससे विकास कार्यों की गति प्रभावित होने की बात कही गई है। इस पर वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की गई है।
वहीं, ग्राम कोठार में पटवारी चौकी निर्माण के लिए खरीदी गई भूमि का भुगतान अब तक न होने का मामला भी उठाया गया है, जिससे संबंधित व्यक्ति को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने इन सभी मामलों को जनहित से जुड़ा बताते हुए जिलाधिकारी से शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

Uma Shankar Kukreti