डीएम ने गैस एजेंसी संचालकों को दी सख्त चेतावनी, फर्जी डिलीवरी मैसेज पर होगी एफआईआर
रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि गैस डिलीवरी में लापरवाही या गलत तरीके से वितरण करने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खासतौर पर, किसी भी ऑपरेटर द्वारा गैस सिलेंडर डिलीवर किए बिना उपभोक्ता के मोबाइल पर डिलीवरी मैसेज भेजने पर FIR दर्ज होगी।
डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से गैस गोदामों के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। एजेंसी प्रबंधकों को हिदायत दी गई कि बुकिंग के बाद निर्धारित समय पर ही होम डिलीवरी हो और गोदाम या एजेंसी से उपभोक्ताओं को सिलेंडर न दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ होम डिलीवरी होनी चाहिए। साथ ही, अफवाहों पर ध्यान न देने और इन्हें फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती की बात कही। घरेलू या व्यावसायिक गैस की कालाबाजारी करने वालों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने बताया कि घरेलू व व्यावसायिक गैस की उपलब्धता पर नजर रखी जा रही है। सभी एजेंसियों को केवल होम डिलीवरी के जरिए ही वितरण का निर्देश दिया गया है। 31 मार्च तक जनपद में घरेलू गैस का दैनिक वितरण 11,616 था, अवशेष 9,392। व्यावसायिक गैस का वितरण 404, अवशेष 1,366।बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, गैस एजेंसी प्रबंधक रीतु नेगी, वर्तिका सिंह, प्रमोद पांडे, लाल कृष्ण, विनोद कुमार, आशा पांडे, रिंकी, करन कुमार आदि उपस्थित रहे। इंडियन ऑयल के हरीश पंत, भारत पेट्रोलियम के मनीष कुमार और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के महेश मीणा वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
