वार्ड 10 के लोगों को दो दशक बाद मिली सड़क की सौगात, महापौर विकास शर्मा ने किया शिलान्यास
- रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने ट्रांजिट कैंप के वार्ड संख्या 10 में 20 साल से बदहाल पड़ी सड़क के निर्माण का शिलान्यास कर निवासियों को बड़ी राहत दी। 8.73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सीसी रोड भूपराम के घर से लक्ष्मण दास गुप्ता के घर तक बनेगी। पार्षद मुकेश रस्तौगी और स्थानीय लोगों ने महापौर का जोरदार स्वागत किया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया। मिष्ठान वितरण के साथ खुशी का इजहार भी किया गया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पार्षद मुकेश रस्तौगी के आग्रह और जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने इस लंबित मांग को पूरा किया। सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं होगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि साथ बनने वाली नालियों से जल निकासी की समस्या भी हल हो जाएगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन का जिक्र करते हुए महापौर ने बताया कि एक वर्ष में 102 करोड़ के विकास कार्य शुरू किए गए। पहले चरण में 56 और अब दूसरे चरण में 75 नए कार्यों का शिलान्यास हो चुका। शहर की कोई गली कच्ची नहीं बचेगी। ट्रांजिट कैंप में गृहकर लागू कर हजारों लोगों को मकानों का मालिकाना हक दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता के वोटों का कर्ज विकास से चुकाया जाएगा। जल्द नगर निगम की टीमें हर वार्ड में समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगी। धामी सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए 2027 में भाजपा की सत्ता वापसी के लिए जुटने का आह्वान किया।इस मौके पर पार्षद मुकेश रस्तौगी, राजेश जग्गा, राजेंद्र राठौर, एमपी मौर्य, पवन राणा, कविता सागर, आकाश यादव, संदीप वाल्मीकि, अक्षित छाबड़ा, छात्र संघ अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट, असलम, किशन सुखीजा आदि मौजूद रहे।
