देहरादून

चारधाम यात्रा–2026 के दृष्टिगत राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का सफल आयोजन,

देहरादून, 10 अप्रैल 2026। आगामी चारधाम यात्रा–2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य में आज व्यापक स्तर पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित आपदा परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों की तैयारियों, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना रहा।

मॉक ड्रिल का आयोजन चारधाम यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों एवं संवेदनशील स्थलों पर किया गया, जहां SDRF सहित अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभ्यास के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होना, यातायात बाधित होना, मार्ग बहाव में यात्रियों का फँसना, अग्निकांड, अतिवृष्टि, बादल फटना, बाढ़, भूकंप, भगदड़, हेलीकॉप्टर दुर्घटना एवं सड़क दुर्घटनाओं जैसी विभिन्न आपदा परिस्थितियों का यथार्थपरक प्रदर्शन किया गया।
आईजी SDRF श्रीमती निवेदिता कुकरेती के मार्गदर्शन एवं सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF की 22 टीमों ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भाग लेते हुए प्रभावी रेस्क्यू एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया। इस दौरान NDRF, ITBP, सेना, फायर सर्विस, जिला प्रशासन, सिविल पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ उत्कृष्ट समन्वय स्थापित किया गया।
चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं, जहां किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया अत्यंत आवश्यक होती है। इस प्रकार की मॉक ड्रिल न केवल विभिन्न एजेंसियों की तत्परता और संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण करती है, बल्कि आपसी समन्वय को भी और मजबूत बनाती है।
प्रशासन का कहना है कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान संभावित आपदाओं की स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा सके।

Uma Shankar Kukreti