टीबी उन्मूलन अभियान में जिले के प्राइवेट अस्पताल भी स्वास्थ्य विभाग के साथ आएंगे
रुद्रपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान को तेजी से सफल बनाने के लिए ऊधम सिंह नगर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने सभी प्राइवेट अस्पतालों से सहयोग का आह्वान किया है। इस पहल पर जिले के प्राइवेट अस्पतालों ने सहमति जताते हुए स्वास्थ्य विभाग का पूरा साथ देने का वादा किया है।
स्वास्थ्य विभाग की जिला क्षय नियंत्रण टीम सभी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ सक्रिय रूप से अभियान चला रही है। अब प्राइवेट अस्पतालों में आने वाले हर मरीज की टीबी स्क्रीनिंग अनिवार्य होगी। संभावित मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग उनका तुरंत इलाज सुनिश्चित करेगा।सेंट्रल टीबी डिवीजन, भारत सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों की भागीदारी मजबूत करने के लिए डॉ. बिनीत को ऊधम सिंह नगर भेजा है। जिला टीम ने रुद्रपुर, खटीमा, सितारगंज और काशीपुर के प्राइवेट अस्पतालों का भ्रमण कर चिकित्सा अधिकारियों से मुलाकात की। डॉ. बिनीत ने नियमित स्क्रीनिंग और सरकारी पोर्टल ‘निक्षय’ पर प्रतिदिन डेटा अपलोड करने का अनुरोध किया। पॉजिटिव मरीज की पहचान होने पर तत्काल इलाज शुरू होगा।बैठक में सभी अस्पतालों ने प्रत्येक केंद्र में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का फैसला लिया। नोडल अधिकारी चेस्ट एक्स-रे की एंट्री निक्षय पोर्टल पर दर्ज करेंगे। भ्रमण में जिला पीएमडीटी समन्वयक नवल, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक राहुल श्रीवास्तव, संजीव जोशी, अरशद स्वास्थ्य वर्कर और डब्ल्यूएचओ सदस्य मौजूद रहे।
