उद्योगों को बढ़ावा देने के निर्देश, अधिकारियों को उद्योगवार समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश
रूद्रपुर। जनपद में औद्योगिक माहौल को शांतिपूर्ण और प्रोत्साहित बनाये रखने हेतु सभी अधिकारियों को उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने मंगलवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित उद्योग मित्र बैठक में दिए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक मजबूत किया जा रहा है तथा औद्योगिक संस्थानों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देकर प्राथमिकता से समाधान किया जाये।
उन्होंने पूर्व की बैठकों में उठाये गए बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा कर सम्बन्धित अधिकारियों को लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिये। जिन मामलों में शासन स्तर पर कार्य लंबित है उनके लिए पुनः स्मारक पत्र भेजे जाने और अपने स्तर पर लंबित कार्यों की समय-सीमा तय कर उन्हें समय पर पूरा करने का भी आदेश दिया गया।
बैठक में उद्यमियों ने एल्डिको सिडकुल औद्योगिक पार्क (सितारगंज) के फेज-2 में विद्युत आपूर्ति हेतु नए सब स्टेशन की मांग की। क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सितारगंज ने बताया कि यह प्रस्ताव ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर निदेशालय को प्रेषित कर दिया गया है और राज्य स्तरीय उद्योग मित्र की बैठक में उठाया जायेगा। उद्यमियों ने सितारगंज से एल्डिको सिडकुल तक सड़क मरम्मत व चौड़ीकरण की भी मांग की, जिस पर अधिशासी अभियंता लोनिवि ने बताया कि वर्तमान 2-लेन मार्ग को 3-लेन में परिवर्तित करने का प्रस्ताव है और आवश्यकतानुसार पैचवर्क कर गड्ढामुक्त कर दिया गया है।
मै. मॉ. शीतला वेन्चर्स लि. ने एनएच-74 तक दायीं ओर पाहा नहर की कवरिंग कराने का अनुरोध किया, अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि पाहा नगर कवरिंग हेतु शासन को अनुस्मारक पत्र भेजा जा चुका है। काशीपुर में मुरादाबाद रोड पर स्वीकृत 132 केवी पावर सबस्टेशन स्थापना संबंधी मांग पर अधिशासी अभियंता पिटकुल ने बताया कि सरवरखेड़ा 132 केवी उप-स्थान के निर्माण हेतु पिटकूल देहरादून के स्तर पर निविदा प्रक्रिया चल रही है।
बैठक में बिजली, फायर सुरक्षा, भूमि लाइसेंस, लंबित प्रकरण, बुनियादी सुविधाएँ तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उद्यमियों द्वारा उठाये गये। उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने सुझावों के माध्यम से औद्योगिक वातावरण को और अधिक अनुकूल बनाने पर जोर दिया।
बैठक में उप जिलाधिकारी/आरएम सिडकुल रूद्रपुर मनीष बिष्ट, आरएम सिडकुल सितारगंज रविन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, विवेक काण्डपाल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एस पी सिंह, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस दांगी, एएस नेगी, लोनिवि ओपी सिंह, एनएचएआई इंजीनियर तुषार गुप्ता, केजीसीसीआई से आरके गुप्ता, अशोक बंसल, एसईडब्ल्यूएस के अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा सहित अनेक उद्यमी व अधिकारी उपस्थित थे।
