Healthदेहरादून

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने पैनेसिया हॉस्पिटल अग्निकांड में घायल मरीजों और पुलिसकर्मियों का जाना हाल, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

देहरादून। देहरादून स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद उत्तराखंड सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बुधवार को घटना में प्रभावित मरीजों एवं राहत-बचाव अभियान के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना।


अग्निकांड के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित रूप से कैलाश हॉस्पिटल, जोगीवाला शिफ्ट किया गया, जहां स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल स्वयं पहुंचे और उपचाररत मरीजों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्परता एवं साहस के साथ चलाया गया राहत एवं बचाव अभियान सराहनीय रहा। उन्होंने विशेष रूप से उन पुलिसकर्मियों की सराहना की, जो लोगों की जान बचाने के दौरान घायल हो गए।
सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों और मरीजों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने पैनेसिया हॉस्पिटल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से घटना के कारणों एवं अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। मंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक बताते हुए कहा कि पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित मरीजों को बेहतर उपचार, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाएगी।

Uma Shankar Kukreti