केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के काफिले की कार पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, बड़ा हादसा टला
देहरादून/पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब कैबिनेट मंत्री के काफिले में शामिल वाहन पर अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर आ गिरा। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर दुगड्डा और कोटद्वार के बीच हुई। हादसे में वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन मंत्री सहित सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मंत्री सतपाल महाराज अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सड़क मार्ग से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिरकर काफिले की एक गाड़ी से टकरा गया। पत्थर लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभाला।
सूत्रों के मुताबिक, वाहन में पूर्व मंत्री भी मौजूद थीं। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर काफिले की सुरक्षा सुनिश्चित की। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। प्रशासन ने मानसून और बारिश के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
गौरतलब है कि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ जाती हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-534 के कई हिस्से संवेदनशील माने जाते हैं, जहां यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक होती है।
