देहरादून

“राजधानी में सरकारी भूमि सुरक्षित नहीं” — उक्रांद ने प्रशासन से मांगी कार्रवाई

किमाड़ी रोड स्थित राजस्व भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर उक्रांद का प्रशासन पर हमला

मुख्यमंत्री आवास के पास सरकारी भूमि पर कब्जे के आरोप, उक्रांद ने उठाए सवाल

आज उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के केन्द्रीय एवं महानगर पदाधिकारियों द्वारा देहरादून के किमाड़ी रोड स्थित ग्राम गजवाड़ी, वार्ड संख्या-4 क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा की गई शिकायतों की पुष्टि होती दिखाई दी। मौके पर राजस्व भूमि पर कथित अवैध कब्जों एवं निर्माण कार्यों को लेकर गंभीर चिंताएँ सामने आईं।

दल ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों को मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इतना ही नहीं, उक्त निर्माणों तक बिजली एवं पानी जैसी मूलभूत सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पूरे मामले में प्रशासनिक उदासीनता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

Oplus_131072

उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने कहा कि यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि उत्तराखण्ड की भूमि, जल, जंगल एवं प्राकृतिक संसाधनों पर लगातार अतिक्रमण के आरोप सामने आ रहे हैं और जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। राजधानी देहरादून में, वह भी मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही दूरी पर यदि सरकारी भूमि सुरक्षित नहीं है, तो यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड क्रान्ति दल महानगर अध्यक्ष देहरादून प्रवीण रमोला ने कहा कि,
“यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उत्तराखण्ड की राजस्व भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों के बावजूद प्रशासन मौन दिखाई दे रहा है। यदि राजधानी देहरादून में सरकारी भूमि सुरक्षित नहीं है, तो यह पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय है। उत्तराखण्ड की भूमि, जल, जंगल और मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उत्तराखण्ड क्रान्ति दल हर स्तर पर संघर्ष करेगा। हम जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उत्तराखण्ड क्रान्ति दल जनहित में व्यापक जनआन्दोलन चलाने को बाध्य होगा।”

उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व भूमि की पैमाइश कराकर अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए, अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के केन्द्रीय उपाध्यक्ष बहादुर सिंह रावत, केन्द्रीय महामंत्री राजेन्द्र सिंह, मूल निवास भू-कानून प्रकोष्ठ अध्यक्ष लुसन टोड़ारिया, महानगर महामंत्री राजीव नौटियाल, महानगर मंत्री मनोज भट्ट, वार्ड अध्यक्ष संतोष नौटियाल, विपिन पैन्यूली सहित उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti