खेत में पानी को लेकर खूनी संघर्ष: सहसपुर में एक की मौत, 4 आरोपी गिरफ्तार, कई फरार
देहरादून | 14 जून 2026
सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 की शाम बैरागीवाला गांव में खेतों में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था और पिछले दो-तीन दिनों से पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी हो रही थी।
आरोप है कि एक पक्ष के नामजद 12 व्यक्तियों समेत 30-40 अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों द्वारा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां विनोद कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा संख्या 134/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103, 109, 191(2) एवं 3(5) के तहत नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज—को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
रज्जाक पुत्र मासूम
सलमान पुत्र यूनुस
जावेद पुत्र मासूम
शहबाज पुत्र शहीद
(सभी निवासी बैरागीवाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून)
एसएसपी की अपील
एसएसपी देहरादून ने आमजन से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
https://www.facebook.com/share/v/1DBKdWtZcK/
