ग्राफिक एरा अस्पताल में डॉक्टरों व नर्सों ने किया रक्तदान, 115 यूनिट रक्त संग्रह
देहरादून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर ग्राफिक एरा अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। दो दिवसीय रक्तदान शिविर के दौरान कुल 115 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
ग्राफिक एरा अस्पताल में आयोजित इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में अस्पताल कर्मियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मेडिकल डायरेक्टर डॉ. पुनीत त्यागी ने कहा कि रक्तदान केवल जीवन बचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि मानवता के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा अस्पताल रक्तदान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
ब्लड बैंक के डॉ. (कैप्टन) नलिन भाटिया और योगिता मुंजाल ने बताया कि रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच और आवश्यक स्क्रीनिंग के बाद ही रक्त संग्रह किया गया। एकत्रित रक्त का उपयोग घायलों और अन्य जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाएगा।
