ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई: जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी गिरफ्तार
देहरादून, 20 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 को कुमार निशांत पुत्र शंभू नाथ झा, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) द्वारा कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि समीर त्यागी, एकलव्य और प्रियांशु राणा ने उसके भाई पर जान से मारने की नीयत से हमला किया तथा गाली-गलौज की। तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 97/2026, धारा 109/115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी प्रियांशु राणा पुत्र विक्रम सिंह राणा, निवासी गढ़ी पुख्ता, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) को 28 मई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
विवेचना के दौरान घटना में आर्यन पुत्र प्रवेश, निवासी ग्राम भूरा, थाना कैराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) की संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 19 जून 2026 को आरोपी आर्यन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद एवं विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
आर्यन पुत्र प्रवेश, निवासी ग्राम भूरा, थाना कैराना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष।
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक विजय प्रताप राही
कांस्टेबल अनीश
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
