Uttarakhand

शाहदरा स्टेशन पर मेट्रो गार्ड की हत्या, योगा एक्सप्रेस से भाग रहे 8 आरोपी मुजफ्फरनगर में गिरफ्तार

रिपोर्ट : रजनीश त्यागी  (उत्तराखंड केसरी)
मुजफ्फरनगर/दिल्ली
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर मेट्रो गार्ड की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में मुजफ्फरनगर जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी वारदात के बाद योगा एक्सप्रेस ट्रेन से फरार हो रहे थे, जिन्हें मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बागपत जनपद के खेकड़ा निवासी पंकज धामा दिल्ली मेट्रो में गार्ड के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह शनिवार सुबह करीब 7 बजे शाहदरा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रेन में चढ़ने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने पंकज धामा के साथ मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मौके पर छोड़कर योगा एक्सप्रेस ट्रेन से फरार हो गए।
घायल पंकज धामा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दिल्ली जीआरपी ने सभी संबंधित रेलवे पुलिस इकाइयों को अलर्ट जारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर जीआरपी थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए योगा एक्सप्रेस में तैनात एस्कॉर्ट टीम से संपर्क किया और रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पुत्र कैलाश, सागर पुत्र पप्पू, हर्षित पुत्र हरवीर, निशांत पुत्र महेंद्र, जीवन पुत्र दिलीप, प्रिंस पुत्र धर्मेंद्र, आकाश पुत्र सुरेंद्र तथा रोहित पुत्र राजू निवासी न्यू संजय अमर कॉलोनी, विश्वास नगर, शाहदरा (दिल्ली) के रूप में हुई है।
जीआरपी ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर दिल्ली जीआरपी को सूचना दी, जिसके बाद दिल्ली से पहुंची टीम उन्हें अपने साथ ले गई। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं मृतक पंकज धामा के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Uma Shankar Kukreti