जर्मनी में चमकी उत्तराखंड की बेटी की किस्मत, ₹3.30 लाख मासिक वेतन पर मिली नौकरी
देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में टिहरी गढ़वाल की युवा नर्स सपना राणा ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सपना राणा को जर्मनी के हैम्बर्ग शहर स्थित Schön Klinik अस्पताल में नर्स के पद पर नियुक्ति मिली है। उन्हें 3060 यूरो (लगभग ₹3.30 लाख) प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के अंतर्गत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। वर्तमान में युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है।
कैबिनेट मंत्री Saurabh Bahuguna ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद टिहरी गढ़वाल की सपना राणा का चयन जर्मनी में नर्स के रूप में हुआ है।
सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा Jawahar Navodaya Vidyalaya Pokhal से तथा नर्सिंग की शिक्षा State Nursing College Dehradun से प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि को राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।
इस अवसर पर सचिव श्री सी. रविशंकर भी उपस्थित रहे।
