पेपर लीक, भर्ती में देरी और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस चलाएगी जिला स्तरीय अभियान : विकास नेगी
कोटद्वार, 24 जून। जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार ने शिक्षा व्यवस्था, लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोज़गारी जैसे मुद्दों को लेकर जिला स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की है।
ब्लॉक दुग्गड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। बार-बार पेपर लीक, परीक्षाओं का निरस्त होना तथा भर्ती प्रक्रियाओं का वर्षों तक लंबित रहना युवाओं में निराशा बढ़ा रहा है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज़ को बुलंद करने के लिए जिला स्तर पर प्रेस वार्ताएं, जन-प्रस्तुति एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों और मीडिया के समक्ष शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
विकास नेगी ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की रक्षा का संकल्प है। कांग्रेस शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने तथा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य संकट में है। पेपर लीक, भर्ती में देरी और बढ़ती बेरोज़गारी सरकार की नाकामी को दर्शाती है। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।
प्रेस वार्ता में विधानसभा प्रभारी साबर सिंह नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र रावत, अनिल लतुड़ी, संजय तोमर, राजीव जखमोला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रुचि कैंतुरा, डॉ. कीर्ति सिंह बिष्ट, सुबोध नेगी, हरेंद्र रावत, राकेश रावत, कुंदन सिंह, महावीर सिंह, लक्ष्मण सिंह रावत सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
