Crime

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर दून पुलिस हाई अलर्ट, जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान जारी

देहरादून, 25 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशों पर आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत दून पुलिस द्वारा पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
देर रात्रि से लेकर सुबह तड़के तक सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सक्रिय रहीं। इस दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की आकस्मिक जांच की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान एवं सत्यापन संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। वहीं, सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान का लगातार निरीक्षण करते रहे।
पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय एवं अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ-साथ जनपद के आंतरिक मार्गों पर भी संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।