देहरादून

भारी बारिश के बीच भी जारी रहा राज्य आंदोलनकारियों का धरना, 16वें दिन क्रमिक अनशन पर बैठे राम किशन और नवीन नैथानी

 

देहरादून, 30 जून। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मंच के तत्वावधान में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिलाने की मांग को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन मंगलवार को 16वें दिन भी जारी रहा। भारी बारिश के बावजूद आंदोलनकारी शहीद स्मारक पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।

मंगलवार को क्रमिक अनशन पर राम किशन और नवीन नैथानी बैठे। आंदोलनकारियों का कहना है कि सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान होने के बावजूद पिछले दो वर्षों से इस व्यवस्था के तहत नियुक्तियां नहीं की गई हैं, जिसके कारण राज्य आंदोलनकारी और उनके आश्रित लंबे समय से रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं।

संयुक्त मंच के संयोजक अम्बुज शर्मा ने कहा कि आंदोलनकारी परिषद के सभी पदाधिकारियों के माध्यम से सरकार से लगातार इस मामले के समाधान की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई राज्य आंदोलनकारी और उनके आश्रित पिछले 13 वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सरकार को चाहिए कि इस विषय का शीघ्र समाधान करते हुए पात्र आंदोलनकारियों और आश्रितों को नियुक्ति प्रदान कर इस लंबे समय से लंबित प्रकरण का निस्तारण करे।

धरना-प्रदर्शन और अनशन को समर्थन देने के लिए राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, बिल्लू वाल्मीकि, हरि ओम, महेंद्र सिंह, रामचंद्र नौटियाल, डॉ. सुनील कैंथुला, सावित्री पवार, प्रमिला रावत, मनोरथ प्रसाद ध्यानी, हेमराज निजन, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष विनोद असवाल, शैलेश सेमवाल, प्रभात डंडरियाल तथा अधिवक्ता अनुराधा मेंदोला सहित कई आंदोलनकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शहीद स्मारक पहुंचे।

Uma Shankar Kukreti