देहरादून

पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित हुआ विदाई समारोह, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई

देहरादून, 30 जून। पुलिस लाइन देहरादून में मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की उपस्थिति में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में दून पुलिस परिवार ने अपने साथियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस अधीक्षक विकासनगर के सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता तथा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सहयोगात्मक और टीम भावना से कार्य करने की शैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पुलिस परिवार का अभिन्न अंग बने रहेंगे तथा भविष्य में किसी भी आवश्यकता की स्थिति में दून पुलिस सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान सामने आई चुनौतियों, अनुभवों और उनसे प्राप्त सीख को साझा किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को इन अनुभवों से प्रेरणा लेने और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में उनका अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही आशा व्यक्त की गई कि आने वाले समय में भी पुलिस विभाग को उनके अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ मिलता रहेगा।

आज सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी

  1. श्री पंकज गैराला – अपर पुलिस अधीक्षक
  2. श्री राजेन्द्र सिंह – उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस
  3. श्री विजेन्द्र कुमार – अपर उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस
  4. श्री गिरीश चन्द्र लोहनी – लीडिंग फायरमैन
  5. श्री भगवान सिंह नेगी – हेड कांस्टेबल नागरिक पुलिस

विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti