यातायात सुधार पर डीएम सख्त, माइक्रो लेवल प्लान होगा तैयार
देहरादून। देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर माइक्रो लेवल प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए प्रमुख सड़कों, चौराहों और जंक्शनों का समयबद्ध सुधार आवश्यक है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

यातायात और पार्किंग परियोजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात सुधार, जंक्शन इम्प्रूवमेंट, पार्किंग उपयोगिता की मॉनिटरिंग, इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, मंडी शिफ्टिंग, परेड ग्राउंड पार्किंग और रामराय पार्किंग समेत विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने आढ़त बाजार में यातायात सुधार के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इंदिरा मार्केट पार्किंग की धीमी रफ्तार पर नाराजगी
इंदिरा मार्केट में निर्माणाधीन लगभग 1050 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने एमडीडीए अधिकारियों को कार्यदायी संस्था के साथ बैठक कर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।
क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत बनेगी प्रभावी योजना
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत जिलाधिकारी ने पुलिस और नगर निगम को यातायात प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मंडी शिफ्टिंग, आढ़त बाजार सड़क सुधार, परेड ग्राउंड एवं रामराय पार्किंग सहित सभी लंबित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देहरादून की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें।
