देहरादून

ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए डीएम सख्त

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद में लागू ई-ऑफिस प्रणाली की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ई-ऑफिस व्यवस्था को अधिक सुगम, प्रभावी और शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को त्वरित, पारदर्शी और पेपरलेस बनाना है।


अधिकांश विभागों में डिजिटल माध्यम से हो रहा निस्तारण
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालय ई-ऑफिस प्रणाली से जुड़ चुके हैं तथा अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था मजबूत हुई है।
तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
बैठक के दौरान कुछ विभागों ने ई-ऑफिस के संचालन में तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को तत्काल आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी बाधाओं को शीघ्र दूर कर सभी विभाग नियमित रूप से ई-ऑफिस प्रणाली का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें।
लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों के संचालन और निस्तारण को गंभीरता से अपनाएं तथा सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी कार्यों की गति प्रभावित न हो।