देहरादून महायोजना-2041: छठे दिन भी जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब, रायपुर क्षेत्र से मिले अहम सुझाव
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से आयोजित देहरादून महायोजना-2041 जनसंवाद अभियान के छठे दिन सोमवार को किशनपुर स्थित लक्सूरिया फार्म हाउस में आयोजित जनसुनवाई शिविर में करीब 100 नागरिकों ने हिस्सा लेकर विकास संबंधी सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
शिविर में सड़क नेटवर्क, ट्रैफिक प्रबंधन, जल निकासी, हरित क्षेत्रों का संरक्षण, पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाओं और संतुलित शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों का विधिवत अभिलेखीकरण किया।
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने भी जनसुनवाई में भाग लेते हुए रायपुर क्षेत्र की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को महायोजना में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों और जनभागीदारी के आधार पर तैयार योजना ही भविष्य में प्रभावी साबित होगी।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 शहर के भविष्य का विजन डॉक्यूमेंट है और नागरिकों के सुझावों के आधार पर इसे अधिक व्यावहारिक एवं जनहितैषी बनाया जाएगा। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी सुझावों और आपत्तियों का तकनीकी व विधिक परीक्षण कर आवश्यकतानुसार योजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
एमडीडीए के अनुसार जनसुनवाई अभियान 21 जुलाई तक जारी रहेगा। अभियान का अगला शिविर 14 जुलाई को जीआरडी यूनिवर्सिटी, राजपुर रोड में आयोजित किया जाएगा, जहां संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

