यमकेश्वर : हरेला पर्व पर मुख्यमंत्री धामी का हरित संदेश, मालाग्राम में किया सघन पौधरोपण
‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का किया भ्रमण, औषधीय पौधों के संरक्षण, शोध और हर्बल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पौड़ी गढ़वाल, 14 जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने सघन पौधरोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण कर दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और वैज्ञानिक शोध समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देने के साथ-साथ हर्बल पर्यटन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के सतत विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। हरेला जैसे पर्व प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं।

मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां हिमालयी क्षेत्रों सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक आयुर्वेद और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
