वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
देहरादून। उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. हीरा सिंह बिष्ट का रविवार को नालापानी श्मशान घाट पर पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और सैकड़ों समर्थकों ने शामिल होकर उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी।

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी डी.एल. रोड स्थित स्व. बिष्ट के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत नेता के जनसेवा में योगदान को याद किया।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भी शोकसभा आयोजित कर स्व. हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का निधन कांग्रेस पार्टी, उत्तराखंड और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति से लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक उनका लंबा राजनीतिक सफर जनसेवा, सादगी और संघर्ष का प्रतीक रहा।
गणेश गोदियाल ने कहा कि मंत्री रहते हुए स्व. बिष्ट ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए और सदन में हमेशा जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
नालापानी श्मशान घाट पर आयोजित अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। सभी ने स्व. हीरा सिंह बिष्ट के सरल व्यक्तित्व, मृदुभाषी स्वभाव और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ॐ शांति। 🙏
