कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का सम्मान
कोटद्वार। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग स्थित नगर निगम प्रेक्षागृह में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, लैंसडाउन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।
अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने कठिन परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए तिरंगे की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर बी.एस. नेगी ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि, ऑपरेशन विजय और भारतीय सेना के शौर्य पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समूचे सभागार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध के शहीदों की वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों को शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही हिंदी निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। हिंदी निबंध प्रतियोगिता में याशी नेगी प्रथम, ज्योति कंडवाल द्वितीय और लावण्या चौधरी तृतीय रहीं, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में कविता प्रथम, आयुष कोरीवाल द्वितीय तथा अतिव कोरीवाल तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष ने वीर नारियों और पूर्व सैनिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रहित, जनभागीदारी और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, ब्रिगेडियर बी.एस. नेगी, कर्नल बी.बी. ध्यानी, कर्नल कुंवर अजय सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. गुंसाई, विंग कमांडर बी.एस. रावत सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

