पौड़ी में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का क्रम जारी, पहले दिन 146 लोगों ने उठाया लाभ
पौड़ी, 28 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में आमजन को घर के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) पाबौ में आयोजित शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख लता रावत ने किया।
शिविर के पहले दिन 146 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ लिया। लाभार्थियों में 52 पुरुष और 94 महिलाएं शामिल रहीं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि 4 जुलाई से 17 अगस्त 2026 तक जनपद के सभी विकासखंडों में तीन-तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक बीरोंखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पटीसैंण, कल्जीखाल, खिर्सू, कोट और नैनीडांडा में शिविर लगाए जा चुके हैं। आगामी चरण में जिला चिकित्सालय पौड़ी, पोखड़ा, रिखणीखाल, थलीसैंण, यमकेश्वर और जयहरीखाल में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला ने बताया कि शिविरों में स्त्री एवं प्रसूति रोग, अस्थि रोग, सामान्य चिकित्सा, ईएनटी, नेत्र रोग तथा रेडियोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही पैथोलॉजी जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी, एनीमिया और कैंसर की जांच, दिव्यांगता परीक्षण, टीकाकरण, निःशुल्क दवा वितरण, एएनसी-पीएनसी सेवाएं, रक्तदान परामर्श और सिकल सेल जांच जैसी सुविधाएं भी निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह के अनुसार प्रथम दिवस 6 स्त्री एवं प्रसूति रोग, 21 फिजीशियन, 20 अस्थि रोग तथा 50 नेत्र रोग के मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 40 एबीएचए आईडी बनाई गईं, 36 एक्स-रे किए गए, 83 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 24 की टीबी स्क्रीनिंग, 25 की एचआईवी/आरकेएसके काउंसलिंग तथा 38 मरीजों की प्रयोगशाला जांच की गई।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

