देहरादून

उत्तराखंड रोडवेज का बड़ा तोहफा: बस किराए में 20% तक की छूट, ग्रुप बुकिंग पर भी मिलेगा लाभ

📍उत्तराखंड केसरी | देहरादून
मानसून के दौरान घटती यात्री संख्या को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। 1 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक रोडवेज बसों के किराए में विशेष छूट योजना लागू कर दी गई है।
योजना के तहत यदि यात्री आने-जाने (रिटर्न) का टिकट एक साथ बुक करते हैं, तो उन्हें बेस किराए पर जाते समय 10% और लौटते समय 10%, यानी कुल 20% तक की छूट मिलेगी।
ग्रुप बुकिंग पर भी विशेष लाभ
6 यात्रियों के समूह में टिकट बुक कराने पर अतिरिक्त छूट दी जाएगी—
✅ चौथे यात्री को 10% छूट
✅ पांचवें यात्री को 12% छूट
✅ छठे यात्री को 15% छूट
परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि योजना को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसकी जानकारी सभी बस स्टेशनों और बुकिंग काउंटरों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मानसून में घटी थी यात्रियों की संख्या
निगम के अनुसार, जून में प्रतिदिन करीब 1.5 लाख यात्री रोडवेज बसों से सफर कर रहे थे, जिससे लगभग 2.5 करोड़ रुपये की दैनिक आय हो रही थी। लेकिन बारिश शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या घटकर 90 हजार प्रतिदिन रह गई और दैनिक आय भी लगभग 1.5 करोड़ रुपये तक सिमट गई।
परिवहन निगम को उम्मीद है कि इस छूट योजना से विशेष रूप से परिवार, तीर्थयात्री, पर्यटन समूह और नियमित यात्रियों को लाभ मिलेगा तथा मानसून के दौरान बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।