देहरादून

जिला चिकित्सालय देहरादून के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, दो दिनों में 931 मरीजों ने उठाया लाभ

📍देहरादून | उत्तराखंड केसरी
जिला चिकित्सालय देहरादून में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श, जांच और उपचार सेवाएं प्रदान कीं। क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी सलाह ली और आवश्यक जांच कराई।


प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित दो दिवसीय शिविर में कुल 931 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कीं, जिनमें 488 पुरुष और 443 महिलाएं शामिल रहीं।
शिविर के दौरान 174 लोगों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, 33 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 41 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता तथा 21 लाभार्थियों को पोषण एवं देखभाल संबंधी परामर्श दिया गया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 16 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जबकि 20 लाभार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
प्रयोगशाला में 258 लोगों की हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी एवं लिपिड प्रोफाइल जांचें, 87 एक्स-रे तथा 59 अल्ट्रासाउंड भी किए गए।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आम जनता को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।