मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर कांग्रेस का ज्ञापन, नोटिसधारकों की सूची और समय-सीमा बढ़ाने की मांग
📍देहरादून | उत्तराखंड केसरी
विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून ने महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष चौहान को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार सूची सार्वजनिक की जाए तथा नोटिस के उत्तर और आवश्यक दस्तावेज जमा करने की समय-सीमा बढ़ाई जाए, ताकि प्रभावित मतदाताओं को पर्याप्त समय मिल सके।
डॉ. गोगी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रदेश में लगभग 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संबंधित मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दल समय रहते उनसे संपर्क कर सकें।
उन्होंने कहा कि कम समय मिलने के कारण कई मतदाता आवश्यक दस्तावेज समय पर जुटाने में असमर्थ हैं, जिससे उनके मताधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। कांग्रेस ने जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग से लोकतांत्रिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, जितेन्द्र तनेजा, राजेश पुंडीर, अल्ताफ अहमद, सलमान, वीरेन्द्र पंवार, संजय उनियाल और मनीष गर्ग सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
