*एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय एवं सभी पोस्टों पर 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया*
*सेनानायक ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रगान व वंदे मातरम् से गूंजा वाहिनी परिसर*
दिनांक 15 अगस्त 2026 को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट, देहरादून में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, जोश एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर सेनानायक एसडीआरएफ श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा आज प्रातः 09:00 बजे वाहिनी परिसर, जॉलीग्रांट में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। साथ ही उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण द्वारा एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।

तत्पश्चात उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश की संप्रभुता को बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश सेवा के प्रति समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लिया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों के नाम पढ़कर सुनाए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य एवं सराहनीय सेवाओं के लिए एसडीआरएफ के अधिकारी एवं कर्मियों को सेनानायक एसडीआरएफ श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।
एसडीआरएफ की प्रदेश में स्थित सभी पोस्टों पर भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सभी पोस्टों पर ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
